0

भागलपुर आरडब्लूडी कार्यालय में आग: नशेड़ियों की सिगरेट से लगी आग, लाखों का नुकसान टला

By Jan 25, 2026

भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित आरडब्लूडी कार्यालय परिसर में गुरुवार देर रात आग लग गई, जिससे शुक्रवार दोपहर तक धुआं निकलता रहा। आग लगने का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन विभागीय अधिकारी आशंका जता रहे हैं कि नशेड़ियों ने जलती सिगरेट कमरे में फेंक दी होगी, जिससे यह घटना हुई।

अधिकारियों के अनुसार, कार्यालय बंद होने के बाद नशेड़ी दीवार फांदकर परिसर में घुस जाते हैं और स्मैक, ब्राउन शुगर व शराब का सेवन करते हैं। कार्यालय के पीछे स्वास्थ्य विभाग की परती जमीन पर भी ऐसे लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। नशेड़ियों की इन हरकतों से कर्मचारी परेशान हैं और विरोध करने पर वे मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पूर्व में दीवार फांदकर कंप्यूटर चोरी जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं। पुलिस से सहयोग की उम्मीदें पूरी नहीं हो पा रही हैं।

जिस कमरे में आग लगी थी, वह 12-13 साल पहले नवगछिया डिवीजन का कार्यालय हुआ करता था, जो अब नवगछिया शिफ्ट हो चुका है। नवगछिया डिवीजन के कार्यपालक अभियंता रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि शिफ्टिंग के समय सारा कागजात और सामान नवगछिया ले जाया गया था, इसलिए आग से किसी महत्वपूर्ण कागजात या सामान का नुकसान नहीं हुआ है। संभवतः कचरे में आग लगी होगी।

भागलपुर डिवीजन के कार्यपालक अभियंता प्रताप पासवान ने केस करने से इनकार किया है। अधीक्षक अभियंता दीपनारायण प्रसाद ने बताया कि दोनों पुराने भवन कंडम हो चुके हैं और उन्हें तोड़ने का निर्देश दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर, कार्यालय परिसर की चारदीवारी को और ऊंचा किया जाएगा और कंटीले तार लगाए जाएंगे ताकि नशेड़ियों का जमावड़ा रोका जा सके। इसके लिए जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा जाएगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें