जालंधर बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मचारियों और भाइयों में मारपीट, पुलिस की मौजूदगी में एक घायल
जालंधर के बस स्टैंड स्थित पंजाब रोडवेज डिपो नंबर दो में बुधवार रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब रोडवेज कर्मचारियों और दो भाइयों के बीच कार पार्किंग को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें एक युवक को गंभीर चोटें आईं।
घायल युवक के बड़े भाई ने पुलिस की मौजूदगी में मारपीट होने और इलाज न करवाकर परेशान करने का आरोप लगाते हुए बस स्टैंड चौकी में हंगामा किया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, उनका छोटा भाई इमीग्रेशन का काम करता है और दस्तावेज लेने के लिए डिपो के बाहर कार खड़ी कर रहा था। इसी बात पर रोडवेज कर्मचारियों से कहासुनी हुई और हाथापाई हो गई।
आरोप है कि रोडवेज कर्मचारियों ने युवक को एक केबिन में बंद कर दिया। जब दूसरे भाई अंकित ने उसे छुड़ाने की कोशिश की, तो उसे भी अंदर ले जाकर करीब 20-25 कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में पीटा, जिससे वह घायल हो गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने घायल को बचाने के बजाय हिरासत में ले लिया और मेडिकल इलाज नहीं करवाया। वहीं, बस स्टैंड चौकी इंचार्ज ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि युवक को भीड़ से बचाकर थाने लाया गया था और उसके बयान दर्ज किए जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
