यूपी में किसानों की बल्ले-बल्ले! 48 घंटे में खाते में आ रहा धान का पैसा, 80 किसानों से 3300 क्विंटल की खरीद
मऊ जिले के रामपुर चकिया स्थित राजकीय धान क्रय केंद्र पर किसानों को धान बेचने के बाद भुगतान के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। केंद्र पर अब तक 80 किसानों से 3300 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, और सभी किसानों के खाते में धनराशि भेजी जा चुकी है। किसानों ने बताया कि धान बेचने के 48 घंटे के अंदर ही पैसा उनके खाते में आ जा रहा है, जिससे उन्हें काफी राहत मिली है।
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि केंद्र द्वारा दिए गए नंबर पर किसान अपना धान लेकर पहुंच रहे हैं, जिससे केंद्र पर भीड़ नहीं लग रही है और किसानों को परेशानी नहीं हो रही है। इस केंद्र पर दो केंद्र संचालित हैं, जिनका कुल लक्ष्य 45,000 क्विंटल धान खरीद का है। इसके सापेक्ष अभी 3300 क्विंटल ही खरीदारी हो सकी है। विपणन अधिकारी ने विश्वास जताया कि 28 फरवरी के पूर्व ही लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।
बैराठपुर गांव निवासी किसान जितेंद्र नाथ राय ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से इस केंद्र पर आ रहे हैं। इस केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होती और पैसा भी समय से आ जाता है। मिरवापार निवासी राजीव यादव ने भी केंद्र की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहां किसानों को सुविधा के साथ न तो धान कटौती होती है और न ही किसी प्रकार की परेशानी।
