0

पूर्णिया में फार्मर रजिस्ट्री जल्द हो, डीएम ने दिए निर्देश

By Jan 20, 2026

पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कृषि विभाग को किसानों की त्रुटिरहित फार्मर रजिस्ट्री जल्द पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि कोई भी योग्य किसान इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। यह निर्देश समाहरणालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए।

किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कार्ड निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ विकास से जुड़ी सभी लंबित योजनाओं का त्वरित निष्पादन करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में महत्वपूर्ण पत्रों के निष्पादन, विभिन्न आयोगों और न्यायालयों से संबंधित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पादन तय समय सीमा के अंदर सुनिश्चित करने को कहा।

कृषि विभाग की समीक्षा के क्रम में, डीएम ने प्रखंडों में 21 जनवरी तक संचालित फार्मर रजिस्ट्री कैंपों में सभी योग्य कृषकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने डीएओ को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

गणतंत्र दिवस की पूर्व तैयारी को लेकर भी समीक्षा की गई। डीएम ने समारोह स्थल पर बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, झंडातोलन, राष्ट्रीय गान, सलामी, झांकियों की प्रस्तुति, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, प्रतिमाओं की रंगाई-पुताई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति जैसी व्यवस्थाओं को समय पर बेहतर ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया। मुख्य समारोह इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा, जिसमें विभिन्न प्लाटून पैरेड में भाग लेंगे। स्वास्थ्य, पुलिस, नगर निगम, शिक्षा, जीविका, कृषि सहित कई विभाग जन कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत करेंगे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें