0

बदायूं में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से किसान की मौत, क्लीनिक बंद कर भागा आरोपी | Budaun news

By Dec 29, 2025

बदायूं जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। उसावां थाना क्षेत्र के नैनामई गांव में एक किसान की मौत के बाद यह मामला गरमा गया है। किसान रामप्रकाश को तेज बुखार आने पर परिजन उसे झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए थे। गलत इलाज के कारण किसान की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।

48 वर्षीय किसान रामप्रकाश रविवार सुबह तेज बुखार से पीड़ित थे। परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में एक झोलाछाप डॉक्टर ने उन्हें रोक लिया। डॉक्टर ने जल्द ठीक करने का दावा किया और अपने क्लीनिक पर बोतल चढ़ा दी। बोतल चढ़ाने के कुछ ही देर बाद रामप्रकाश की हालत और बिगड़ गई।

किसान की बिगड़ती हालत देखकर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच, आरोपी झोलाछाप डॉक्टर अपना क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गया। परिजन रामप्रकाश को बदायूं के अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

किसान की मौत के बाद परिजन शव को वापस गांव ले गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर गलत उपचार का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें