आगरा में पारिवारिक विवाद: कचहरी से लौट रहे पिता-पुत्र पर हमला, ससुरालियों ने की मारपीट
आगरा में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति और उसके बेटे पर हमला करने का मामला सामने आया है। नगला गंगाराम निवासी चंद्रभान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने बेटे रविंद्र के साथ दीवानी कोर्ट से तारीख कर घर लौट रहे थे। आरबीएस कॉलेज के पास बेटे की पत्नी पूजा और उसके पिता रामअवतार व भाई प्रदीप ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने रविंद्र से पूजा को तलाक देने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। जब चंद्रभान और रविंद्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपित भड़क गए। उन्होंने ई-रिक्शा से डंडा निकालकर रविंद्र पर हमला कर दिया। मारपीट में रविंद्र का सिर फूट गया। बीच-बचाव करने आए चंद्रभान को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
चंद्रभान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
