0

रोहतक में पड़ोसी पर रेप की झूठी शिकायत, पुलिस ने महिला पर दर्ज किया केस (Rohtak news)

By Dec 21, 2025

हरियाणा के रोहतक में एक महिला को पड़ोसी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और लिव-इन रिलेशनशिप की झूठी शिकायत दर्ज कराना महंगा पड़ गया। पुलिस जांच में यह सामने आने के बाद कि महिला ने शादी करने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से यह शिकायत की थी, पुलिस ने अब महिला के खिलाफ ही केस दर्ज कर लिया है।

शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि 1 मई 2025 को शिवाजी कॉलोनी क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दी थी। महिला का पति दिल्ली में नौकरी करता है और उसकी दो बेटियां हैं। महिला ने शिकायत में कहा था कि पड़ोस में रहने वाले युवक (जो दूधिया का काम करता था) ने उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने उसे डरा-धमकाकर लिव-इन रिलेशनशिप के कागजात तैयार करवाए और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला और युवक करीब 5 साल से एक-दूसरे को जानते थे और सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवक महिला और उसकी दोनों बेटियों के साथ किराये के मकान में भी रहा था। जांच में यह भी पता चला कि महिला ने युवक से शादी करने के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। झूठी शिकायत देने पर पुलिस ने महिला के खिलाफ 217 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत कार्रवाई की है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें