0

बिहार में ‘फर्जी दारोगा-सिपाही’ गिरफ्तार, शराब केस में फंसाने की धमकी देकर करते थे वसूली

By Dec 15, 2025

बिहार के भोजपुर जिले में टाउन थाना पुलिस ने दो ऐसे जालसाजों को गिरफ्तार किया है जो खुद को दारोगा और सिपाही बताकर लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। ये जालसाज उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और आरा में आकर लोगों को ठग रहे थे। पुलिस ने इन्हें धरहरा इलाके से पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों में यूपी के जौनपुर जिले के अभिषेक सिंह और मेरठ जिले के सोनू उर्फ शाह नजर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों जालसाज लोगों को शराब के झूठे केस में फंसाने की धमकी देते थे और उनसे पैसे ऐंठते थे। पीड़ित चंदन यादव ने बताया कि दोनों व्यक्तियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया और जबरन उनसे एक हजार रुपये ले लिए। पीड़ित के बयान पर दोनों के खिलाफ रंगदारी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम चंदन यादव अपने दोस्त से मिलने धरहरा अनुसूचित जाति टोला गए थे। इसी दौरान दो व्यक्ति पहुंचे और स्वयं को टाउन थाना का पुलिसकर्मी बताकर उनसे पूछताछ करने लगे। उन्होंने चंदन पर शराब पीने आने का आरोप लगाते हुए कहा कि पैसा नहीं दोगे तो शराब के केस में फंसा देंगे।

इसी दौरान एक व्यक्ति स्वयं को दारोगा बता रहा था। दोनों आरोपियों ने पीड़ित की जेब से जबरन एक हजार रुपये निकाल लिए। शोरगुल होने पर भीड़ जुट गई और टाउन थाना की क्रास मोबाइल टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना सही नाम-पता बताया। पुलिस ने उनके पास से वसूला गया एक हजार रुपये भी बरामद कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में लगी हुई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें