पलामू में कपड़ा व्यापारी से प्रिंस खान के नाम पर मांगी गई 1 करोड़ की रंगदारी, पुलिस जांच में जुटी
मेदिनीनगर (पलामू) में एक कपड़ा व्यापारी से कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शहर थाना क्षेत्र के बाजार स्थित कपड़ा दुकान ‘स्मार्ट लुक’ के संचालक को अंतरराष्ट्रीय नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए यह धमकी दी गई।
दुकान संचालक ने मंगलवार देर शाम शहर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवेदन में बताया गया है कि पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। पुलिस के अनुसार, व्हाट्सएप चैट में आरोपी ने पलामू के एक गैंगस्टर का भी जिक्र किया है।
शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले भी प्रिंस खान के नाम पर एक सोना व्यवसायी से रंगदारी मांगी गई थी, जिसमें तीन आरोपी गिरफ्तार हुए थे। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
