पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, कहा- ‘यह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को अदीस अबाबा इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में इथियोपिया के सर्वोच्च पुरस्कार ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपियोपिया’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत-इथियोपिया साझेदारी को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान और एक वैश्विक राजनेता के रूप में उनके दूरदर्शी नेतृत्व की मान्यता में दिया गया।
इस अवसर पर बोलते हुए, पीएम मोदी ने दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक से यह पुरस्कार प्राप्त करने को सम्मान बताया। उन्होंने विनम्रता और आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने इस पुरस्कार को उन सभी भारतीयों और इथियोपियाई लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने वर्षों से द्विपक्षीय संबंधों को पोषित किया है। उन्होंने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से हार्दिक सराहना व्यक्त की।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे अभी-अभी देश के सर्वोच्च पुरस्कार – द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया से सम्मानित किया गया है। दुनिया की एक बहुत ही प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। सभी भारतीयों की ओर से, मैं विनम्रतापूर्वक इस सम्मान को स्वीकार करता हूं। यह पुरस्कार उन सभी भारतीयों के लिए है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया।”
इससे पहले मंगलवार को, पीएम मोदी अपने तीन देशों के दौरे के दूसरे चरण में जॉर्डन से अदीस अबाबा पहुंचे थे। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी का हवाई अड्डे पर स्वागत किया और एक दुर्लभ और प्रतीकात्मक भाव में, उन्हें अपने होटल तक ले गए। यह भाव दोनों नेताओं के बीच घनिष्ठ संबंधों और आपसी सम्मान को दर्शाता है।
