वाराणसी में पश्चिमी विक्षोभ का असर: पारा चढ़ा, बादलों की दस्तक से बढ़ी गलन, जानें मौसम forecast
वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का रुख एक बार फिर बदलने वाला है। सोमवार को दोपहर बाद आसमान में बादलों की सक्रियता देखी गई, जिससे शाम होते-होते गलन का असर बढ़ गया। हालांकि, मौसम विभाग ने 23 जनवरी से मौसम में बड़े बदलाव की संभावना जताई है।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पहाड़ों के करीब पहुंच चुका है, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा रहा है। सोमवार की सुबह हल्के कोहरे के साथ शुरू हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ठंड से कुछ राहत मिली। बीते दिनों पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर भी मैदानी क्षेत्रों में गलन के रूप में देखा गया।
रविवार से शुरू हुआ मौसम का यह बदलाव सोमवार को भी जारी रहा, जिसमें दिन में बादलों की सक्रियता और रात में उनका असर देखा गया। हालांकि, आर्द्रता की कमी के कारण बादल अधिक प्रभावी नहीं हो सके, जिससे दोपहर में सूरज की गर्मी महसूस हुई, लेकिन शाम होते-होते फिर से गलन बढ़ने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में दो पश्चिमी विक्षोभों के आने की संभावना है। इसके चलते 23 जनवरी को कुछ जगहों पर भारी वर्षा/बर्फबारी हो सकती है। 22 से 24 जनवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। अगले 2-3 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में घना कोहरा छाए रहने की भी प्रबल संभावना है। इस बदलते मौसम का असर आम जनजीवन पर पड़ेगा, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
