कूड़े से कमाई: बदरीनाथ नगर पंचायत ने चारधाम यात्रा में 230 टन कचरा बेचकर कमाए 8 लाख रुपये
चमोली जिले की नगर पंचायत बदरीनाथ ने इस बार की चारधाम यात्रा में कूड़ा प्रबंधन से न सिर्फ अपनी आय में वृद्धि की, अपितु धाम में स्वच्छता का माडल भी विकसित किया। यात्राकाल के दौरान 230 टन कूड़े का निस्तारण कर आठ लाख 89 हजार से अधिक रुपये कमाए गए।
बदरीनाथ धाम की यात्रा पर देश-विदेश से लाखों तीर्थयात्री दर्शन के लिए आते हैं। इस कारण धाम में सफाई व्यवस्था भी किसी चुनौती से कम नहीं है। यहां सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर पंचायत के पास है। ऐसे में नगर पंचायत ने स्वच्छता का माडल विकसित किया। यात्राकाल में बदरीनाथ धाम में प्रतिदिन दो टन जैविक-अजैविक कचरा एकत्रित होता है।
वर्ष 2021 में इसके तहत कूड़ा इकट्ठा करने व उसके निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। नगर क्षेत्र में कूड़ादान और कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाई गई और कूड़े को ही समृद्धि का आधार बना लिया।
धाम के कपाट बंद होने के बाद नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद रखने के लिए डीप सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। पर्यावरण मित्रों की ओर से मंदिर परिसर के साथ ही ब्रह्मकपाल, तप्त कुंड, बामणी पैदल मार्ग, मुख्य बाजार, साकेत चौराहे, बदरीश झील, शेषणेत्र झील के आसपास सफाई अभियान चलाया गया।
