अकराबाद में नाले की अधूरी सफाई से घरों में घुसा पानी, धान की फसल को नुकसान
अकराबाद कस्बे में ड्रेन सेकंड नाले की सफाई का कार्य अधूरा रहने से स्थानीय निवासी और किसान लगातार मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। लगभग दो सप्ताह पूर्व नाले की सफाई शुरू की गई थी, लेकिन लगभग 700 मीटर हिस्से में अभी भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शिकायतों के बावजूद, सफाई कार्य पूरा नहीं किया गया है।
अकराबाद बाजार के भीतर भी नाले की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नाले की पटरी पर बने मकानों और दुकानों के कारण सफाई कार्य में बाधा आ रही है।
धौरी गांव में स्थिति और भी गंभीर है। बरसात के मौसम में नाले का पानी घरों में घुस जाता है, जिससे सड़कों पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। विशेष रूप से वाल्मीकि समाज के लोगों को घरों में पानी भरने से अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नानऊ और धौरी के किसानों का कहना है कि नाले की सफाई न होने के कारण उनके लगभग 200 एकड़ खेतों में चार-चार फुट तक पानी भर जाता है, जिससे उनकी धान की फसलों को भारी नुकसान होता है।
इस समस्या के समाधान के लिए भूरी सिंह, राजपाल सिंह, रामवीर सिंह, धर्मवीर सिंह, हरेंद्र सिंह, नरेश सिंह, ओमपाल सिंह, रामरक्षपाल सिंह, बंटी, संजय सिंह, प्रदीप ठाकुर, हरगोविंद सिंह, शिशुपाल सिंह, हनुमान जी, दुर्वेश, रघुराज और महेंद्र प्रजापति सहित कई ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की गुहार लगाई है। जेई द्वारा छोटी चैन मशीन से सफाई कराने के आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
