जमीन के लालच में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, फावड़े से किए कई वार
फिरोजाबाद के नारखी में भूमि विवाद के चलते एक बेटे ने अपनी मां की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। मृतका, मिथिलेश देवी, पति की मृत्यु के बाद मायके में रह रही थीं। आरोपी बेटा हर्ष, दो भाइयों और तीन बहनों में बड़ा है। उसके पिता की मृत्यु के बाद से हर्ष ही छोटे भाई-बहनों की देखभाल करता था।
मंगलवार शाम को हर्ष बहोरनपुर स्थित खेत में काम कर रहा था। तभी उसकी मां मिथिलेश देवी अपने रिश्ते के भतीजे आकाश के साथ बाइक से खेत पर पहुंचीं। आकाश ने बताया कि बुआ मिथिलेश देवी बेटे से मिलने पहुंची थीं तभी हर्ष ने गुस्से में मां के सिर पर फावड़े से चार वार कर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस अधिकारी फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेतों में कॉबिंग करके आरोपित बेटे को पकड़ लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हर्ष के पिता ललित कुमार ने तीन वर्ष पूर्व फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। उनकी मां मिथिलेश देवी गांव की प्रधान थीं। पति की मृत्यु के बाद मिथिलेश पारिवारिक जमीन में हिस्सा चाहती थी। लेकिन बेटे मां को पिता की मृत्यु की वजह मानते थे। इस वजह से उनसे नाराज रहते थे और उन्हें हिस्सा नहीं देना चाहते थे।
मिथिलेश ग्राम प्रधान से पति की मृत्यु का प्रमाण पत्र लेने के लिए परेशान थी। मंगलवार को भी उसने प्रधान से बात की थी। इतना ही नहीं दोपहर में बेटे हर्ष को मिथिलेश ने फोन कर मिलने के लिए कहा था। इस पर हर्ष ने उसे खेत पर बुलाया था और कहा था कि किसी को साथ लेकर मत आना। यही वजह है कि आकाश कुछ दूर पर खड़ा हो गया था।
