पश्चिमी चंपारण में मौसम का ‘डबल अटैक’: दिन में गर्मी, रात में ठंड से लोग बेहाल; अस्पतालों में उमड़ी भीड़
पश्चिमी चंपारण के बगहा क्षेत्र में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिन में तेज धूप और गर्मी का एहसास होता है, जबकि रात होते ही कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाती है। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। खासकर, सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। यह मौसम परिवर्तन सीधे तौर पर स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है। सर्दी, खांसी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं, जिससे स्वास्थ्य व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। चिकित्सक इस स्थिति को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सक डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि इस मौसम में हर व्यक्ति को विशेष सावधानी बरतनी आवश्यक है। रहन-सहन, खानपान और कपड़ों में बदलाव करके ठंड से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि गर्म कपड़े पहनना, ताजा और पौष्टिक भोजन लेना, शरीर की व्यक्तिगत सफाई बनाए रखना और घर व आसपास की साफ-सफाई करना बेहद जरूरी है। चिकित्सक ने यह भी बताया कि घर के आसपास पानी या घास-फूस न रखें, जिससे मच्छरों के पनपने की आशंका कम होगी और आसपास का वातावरण स्वस्थ रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ठंड और बढ़ती है तो कोल्ड डायरिया जैसी गंभीर बीमारियां भी फैल सकती हैं।
