मसाज सेंटर की आड़ में चल रहा था गंदा धंधा, पुलिस ने मारा छापा; आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियां
कसया में मसाज की आड़ में चल रहे अवैध धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गोपालगढ़ ओवर ब्रिज के समीप स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी के दौरान दो युवतियां और एक युवक आपत्तिजनक स्थिति में मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया। मौके से हुक्का सहित कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने सेंटर को सील कर दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को कुछ दिनों से कल्याणम स्पा एंड सलून नामक सेंटर में मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिल रही थी। इन शिकायतों के आधार पर शनिवार को थानाध्यक्ष अभिनव मिश्र ने पुलिस टीम के साथ छापामारी की योजना बनाई। जब टीम ने स्पा सेंटर में प्रवेश किया, तो एक कमरे में दो युवती व एक युवक आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सेंटर के संचालक से जब वैध कागजात मांगे गए, तो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। कमरों की तलाशी के दौरान हुक्का सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। पुलिस ने मजिस्ट्रेट को बुलाकर सेंटर को सील करा दिया।
छापामारी की खबर नगर में फैलते ही अन्य स्पा सेंटरों के शटर डाउन हो गए और ताले लटक गए। इस कार्रवाई से नगर के होटल संचालकों में भी दिन भर हड़कंप मचा रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
