बरेली में 5000 वाहनों पर ‘डिजिटल हंटर’ चला, बार-बार चालान कटाने वालों की गाड़ी Blacklist | Bareilly news
बरेली में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 5,000 से अधिक वाहन मालिकों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने ऐसे वाहनों की सूची परिवहन विभाग को भेजी है, जिनके चालान बार-बार काटे गए लेकिन उनका भुगतान नहीं किया गया। परिवहन विभाग ने इन सभी वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद अब ये वाहन मालिक अपनी गाड़ी न तो बेच पाएंगे और न ही उसका पंजीकरण नवीनीकरण करा पाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार चालान काटे जा रहे हैं। कई वाहन ऐसे हैं जिनके तीन बार से अधिक चालान हो चुके हैं, जबकि कुछ वाहनों पर 50 से अधिक चालान लंबित हैं। पहले ऐसे मामलों में केवल नोटिस भेजकर खानापूर्ति की जाती थी, लेकिन अब परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए इन वाहनों को ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया है।
यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए की जा रही है। परिवहन विभाग 1 जनवरी से सड़क सुरक्षा माह मनाने की तैयारी कर रहा है। बरेली मंडल में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ग्राम सड़क सुरक्षा समितियों का गठन किया जा रहा है। मंडल की 4017 ग्राम पंचायतों में ये समितियां बनाई जाएंगी, जिनमें 23,000 स्वयंसेवकों को जोड़ा जा चुका है। इन समितियों का उद्देश्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करना और सुधारात्मक कार्य कराना है।
आरटीओ प्रवर्तन प्रणव झा ने बताया कि बार-बार चालान होने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर जनांदोलन छेड़ने का नवाचार आरंभ किया गया है। हर गांव में ग्राम सड़क सुरक्षा समितियां बनाई जा रही हैं, जो दुर्घटनाओं के कारणों को चिह्नित कर सुधारात्मक कार्य कराएंगी।
