0

धुरंधर: रणवीर सिंह की फिल्म के पीछे की असली प्रेरणा कौन?

By Dec 5, 2025

आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ सिनेमाघरों में 5 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि रणवीर का किरदार शहीद मेजर मोहित शर्मा से प्रेरित है, लेकिन निर्देशक ने इन खबरों का खंडन किया था। इसके बाद मेजर मोहित शर्मा के परिजनों ने अदालत का रुख किया, लेकिन जांच के बाद सेंसर बोर्ड ने फिल्म को हरी झंडी दे दी।

सूत्रों के अनुसार, फिल्म की कहानी पाकिस्तान के कराची में हुए एक बड़े गैंगवॉर ‘ऑपरेशन लियारी’ से प्रेरित बताई जा रही है। लियारी इलाका कभी ड्रग तस्करी और अपराध का गढ़ हुआ करता था, जहाँ 1960 के दशक से ही विभिन्न गैंग सक्रिय थे।

फिल्म में अक्षय खन्ना का किरदार लियारी के कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत से प्रेरित है, जो ‘रॉबिन हुड ऑफ लियारी’ के नाम से भी जाना जाता था। रहमान का अपने प्रतिद्वंद्वी अरशद पप्पू के साथ लंबा और खूनी संघर्ष चला, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे गए। 2009 में पुलिस मुठभेड़ में रहमान मारा गया था।

संजय दत्त फिल्म में पाकिस्तान के मशहूर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट चौधरी असलम खान की भूमिका निभा रहे हैं। चौधरी असलम ने लियारी टास्क फोर्स का गठन किया था और कई बड़े अपराधियों का सफाया किया था। अपने सख्त रवैये के कारण वे आतंकवादियों के निशाने पर थे और 2014 में उनकी हत्या कर दी गई थी।

वहीं, अर्जुन रामपाल आतंकवादी इलियास कश्मीरी के किरदार में नजर आएंगे। इलियास कश्मीरी को अल-कायदा का वरिष्ठ कमांडर माना जाता था और उस पर कई आतंकवादी हमलों और हत्याओं में शामिल होने का आरोप था। 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में वह मारा गया था।

आर. माधवन फिल्म में अजय सन्याल के किरदार में हैं, जो भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से प्रेरित बताया जा रहा है। डोभाल ने कंधार अपहरण और ऑपरेशन ब्लूस्टार जैसे कई बड़े आतंकवादी ऑपरेशनों में अहम भूमिका निभाई थी।

‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, आर. माधवन के साथ बाल कलाकार सारा अर्जुन भी नजर आएंगी। यह फिल्म खुफिया लड़ाइयों और अंडरवर्ल्ड से जुड़े सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें