धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए कपिल शर्मा, बोले- दूसरी बार पिता खोया
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर ने पूरे देश को गमगीन कर दिया है। फैंस से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री तक, सभी उन्हें याद कर रहे हैं। हाल ही में, कॉमेडी किंग कपिल शर्मा अपनी आने वाली फिल्म ‘किस-किस को प्यार करूं 2’ के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर धर्मेंद्र को याद कर बेहद भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र पाजी ने उनके करियर को संवारने में कितनी बड़ी भूमिका निभाई थी।
मुंबई में आयोजित ट्रेलर लॉन्च के दौरान कपिल शर्मा ने अपने और धर्मेंद्र के रिश्ते का एक अनमोल किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार मुंबई आए थे और अपने शो को लॉन्च करने की कोशिश कर रहे थे, तब किसी को भी इस प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी नहीं थी और न ही कोई बड़ा सितारा उनके शो पर आने को तैयार था। ऐसे मुश्किल वक्त में उन्होंने धर्मेंद्र पाजी से संपर्क किया।
कपिल ने याद करते हुए कहा, “मैं धरम पाजी से टोरंटो की फ्लाइट में मिला था और वहीं हमारी दोस्ती हो गई। जब मैं पहली बार मुंबई आया और अपने शो को लॉन्च करने की कोशिश कर रहा था, तब चैनल ने कई सेलेब्स से संपर्क किया, लेकिन कोई शो पर आना नहीं चाहता था।” उन्होंने आगे बताया, “मैंने फिर धरम पाजी को फोन किया और उनसे मीटिंग की बात कही। उन्होंने मुझसे शो के बारे में एक भी सवाल नहीं किया। मैंने बस इतना कहा कि पाजी, मैं पहली बार शो कर रहा हूं और मैं चाहता हूं कि आप हमारे गेस्ट हों।”
धर्मेंद्र उस समय अपनी नई फिल्म की रिलीज की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कपिल के अनुरोध को उन्होंने तुरंत स्वीकार कर लिया। कपिल ने बताया, “वह उस समय पर अपनी नई फिल्म की रिलीज की तैयारी कर रहे थे, लेकिन फिर भी उन्होंने अपनी टीम की एक मेंबर को कहा – ये मेरा बेटा है, इसके शो के लिए डेट निकालो, चाहे कुछ भी हो।” इस तरह धर्मेंद्र शर्मा के शो के पहले मेहमान बने, जिसने कपिल के करियर को एक बड़ी उड़ान दी।
धर्मेंद्र को याद करते हुए कपिल शर्मा की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा, “हर कोई जानता है कि धरम जी मेरे लिए क्या थे। हर किसी को इस वक्त ये महसूस हो रहा है कि उन्होंने अपने परिवार में किसी को खोया है। जब मैं 22 साल का था, तब मैंने अपने पिता को खोया था। मुझे उनके साथ समय बिताने का मौका नहीं मिला। मुझे ऐसा लग रहा है कि मैंने दूसरी बार अपने पिता को खोया है।” उन्होंने आगे कहा, “ये सच है कि जो आया है, उसे जाना है, लेकिन दिल चाहता है कि बस कुछ और पल बिता पाते। वह हमेशा जिंदगी को राजा की तरह जीते थे।” धर्मेंद्र के प्रति कपिल का यह स्नेह और सम्मान उनके फैंस को भी भावुक कर गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर फर्जी भारतीय पासपोर्ट के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार
मुंबई हमलों की 17वीं बरसी: गृह मंत्री शाह बोले – आतंकवाद मानवता के लिए अभिशाप
पलाश मुच्छल अस्पताल से डिस्चार्ज, स्मृति मंधाना संग शादी पर सस्पेंस जारी
कूच बिहार ट्रॉफी: जम्मू-कश्मीर ने मुंबई को 93 रन से हराकर दर्ज की शानदार जीत
कपिल शर्मा ने कैफे फायरिंग पर तोड़ी चुप्पी, मुंबई पुलिस की तारीफ की
कौन बनेगा करोड़पति में विश्व कप विजेता महिला क्रिकेट टीम, पर स्मृति मंधाना की गैरमौजूदगी? जानें वजह
26/11 हमले के बाद होटल ताज का कायाकल्प: 340 करोड़ का रतन टाटा का संकल्प
युवाओं में वैज्ञानिक सोच जगाएं: अंधविश्वास मिटाने का सबसे प्रभावी तरीका
