0

धर्मेंद्र के निधन पर मुकेश खन्ना ने किया खुलासा, घर पर था ICU जैसा माहौल

By Nov 29, 2025

बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता धर्मेंद्र के आकस्मिक निधन ने पूरे मनोरंजन जगत को झकझोर कर रख दिया है। 27 नवंबर को उनकी याद में आयोजित प्रार्थना सभा में परिवार और करीबी लोगों की भावुकता ने इस खालीपन को और गहरा कर दिया। धर्मेंद्र का जाना इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

हाल ही में, जब धर्मेंद्र को स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब से ही उनके चाहने वालों के बीच चिंता का माहौल था। मीडिया लगातार उनकी सेहत की जानकारी दे रहा था, जिससे परिवारजन भी कभी-कभी परेशान नजर आए। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद, उन्हें घर पर ही डॉक्टरी देखरेख में रखा गया था। कई फिल्मी हस्तियां उनसे मिलने उनके निवास पर पहुंची थीं, जिनमें अभिनेता मुकेश खन्ना भी शामिल थे।

मुकेश खन्ना ने अभिनेता धर्मेंद्र से अपनी आखिरी मुलाकात का अनुभव साझा किया है। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात तब हुई थी जब धर्मेंद्र को अस्पताल से घर लाया गया था। घर के अंदर ही उनके लिए आईसीयू जैसी विशेष व्यवस्था की गई थी। मुकेश खन्ना ने कहा, “मैं पांच-छह दिन पहले ही उनके घर गया था, जब उन्हें अस्पताल से वापस लाया गया था। उन्होंने घर के अंदर ही आईसीयू जैसी व्यवस्था कर रखी थी। मुझे पता था कि मैं उनसे ठीक से मिल नहीं पाऊंगा, लेकिन फिर भी मुझे लगा कि जाना जरूरी है।”

इस दौरान मुकेश खन्ना की मुलाकात धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल से भी हुई। उन्होंने दोनों को ढांढस बंधाते हुए कहा, “मैंने उनसे कहा, ‘वह बहुत स्ट्रॉन्ग हैं। वह जल्द ही इससे बाहर आ जाएंगे।'” मुकेश खन्ना ने आगे कहा, “लेकिन आखिर में, जो ईश्वर चाहता है, वही होता है। लोग हैरान थे क्योंकि सभी मानते थे कि वह ठीक होने के लिए काफी मजबूत है। वो नहीं उनका शरीर हार मान गया था। उनकी आत्मा बहुत खूबसूरत थी।”

धर्मेंद्र के निधन ने एक युग का अंत कर दिया है। उनके शानदार अभिनय और व्यक्तित्व ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है। यह मुलाकातें और यादें अब उनके चाहने वालों के लिए अनमोल धरोहर बन गई हैं, जो यह दर्शाती हैं कि कैसे मुश्किल घड़ी में भी उम्मीद और हौसला बनाए रखने का प्रयास किया गया।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें