धनबाद Kenduadih Gas Leak: 2000 PPM से ज्यादा गैस रिसाव, लोगों में दहशत का माहौल
झारखंड के केंदुआडीह में हो रहे गैस रिसाव की जांच में भयावह स्थिति सामने आई है। प्रशासनिक टीम द्वारा की गई जांच में कई स्थानों पर गैस की मात्रा जानलेवा स्तर से भी अधिक पाई गई है। मस्जिद के पास और नया धोड़ा क्षेत्र में गैस का रिसाव 2000 पीपीएम से अधिक दर्ज किया गया है, जबकि ओल्ड जीएम बंगला परिसर में भी 26 से 114 पीपीएम के बीच रिसाव मिला है।
उच्च स्तर पर हो रहे इस रिसाव ने स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार उच्च स्तर पर हो रहा यह रिसाव किसी बड़े हादसे की आशंका को गहरा कर रहा है।
बीसीसीएल और प्रशासनिक अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्र को खाली कर ग्रामीणों से राहत शिविरों या सुरक्षित स्थानों पर जाने का आग्रह कर रहे हैं। हालांकि, अपनी जमा-पूंजी और आशियाने के मोह में अधिकांश ग्रामीण और उनके स्वजन घर छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
प्रशासन द्वारा राहत शिविर में मंगलवार को भी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यहां कुल 17 लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं। इसके अलावा, दिवंगत सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचकर डाक्टरों की टीम ने उनके परिवार की हेल्थ जांच की और उन्हें जरूरी दवाइ दवाइयां उपलब्ध कराईं।
