देवरिया: ऑपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत, अस्पताल सील, डॉक्टर फरार; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
देवरिया जिले के भाटपार रानी क्षेत्र में एक अवैध रूप से संचालित निजी अस्पताल में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बिहार के गोपालगंज जिले की रहने वाली 28 वर्षीय रीमा देवी को प्रसव पीड़ा के चलते उनके पति देवेंद्र यादव ने इस अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद रीमा देवी की हालत गंभीर रूप से बिगड़ने लगी।
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के चलते प्रसूता की जान चली गई। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने अस्पताल पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल का डॉक्टर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर खामपार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर इमाम हुसैन सिद्दीकी ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया। पुलिस ने बताया गया है कि यह अस्पताल अवैध रूप से संचालित हो रहा था। पुलिस ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच की जा रही है।
