दिल्ली में घना कोहरा, IMD ने जारी किया Delhi Weather Forecast, प्रदूषण भी ‘खराब’ श्रेणी में
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाके सोमवार सुबह घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। एम्स, अक्षरधाम, इंडिया गेट, द्वारका, आईजीआई एयरपोर्ट, महिपालपुर, नोएडा और गाजियाबाद समेत अधिकतर हिस्सों में विजिबिलिटी काफी कम रही। घने कोहरे के चलते ट्रेनों और उड़ानों पर असर पड़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। इससे पहले रविवार को दिल्ली में एक पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिला था, जिसके कारण तड़के हल्की बूंदाबांदी हुई थी और दिनभर धूप खिली रही थी।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में पिछले 24 घंटों में मामूली सुधार दर्ज किया गया है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 265 अंक रहा, जिसे ‘खराब’ श्रेणी में रखा जाता है। इससे एक दिन पहले यह सूचकांक 315 अंक था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। हवा की गति बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में यह सुधार हुआ है।
हालांकि, दिल्ली के कई इलाकों में अभी भी हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। CPCB के आंकड़ों के अनुसार, आईजीआई एयरपोर्ट और महिपालपुर के पास AQI 134 रिकॉर्ड किया गया, जबकि द्वारका में यह 243 दर्ज हुआ। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, अगले दो दिनों के बीच प्रदूषण के स्तर में और सुधार होने की संभावना है, जिससे दिल्ली के निवासियों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
