रानीगंज में कोयला खदान कर्मियों का प्रदर्शन, उत्पादन ठप; Raniganj news
रानीगंज (पश्चिम बंगाल): ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के कुनुस्तोड़िया एरिया अंतर्गत बांसरा कोलियरी में रविवार को कामकाज पूरी तरह ठप रहा। इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विभाग के लगभग डेढ़ सौ कर्मचारियों ने खदान के सामने प्रदर्शन करते हुए उत्पादन रोक दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन जानबूझकर रविवार के दिन आवश्यक रखरखाव कार्य नहीं करा रहा है, जिससे खदान की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
श्रमिकों का कहना है कि खदान में मशीनों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन उनके रखरखाव के लिए पर्याप्त मैनपावर नहीं है। रविवार का दिन विशेष रूप से सुरक्षा और मेंटेनेंस कार्यों के लिए निर्धारित होता है, ताकि सप्ताह के बाकी दिनों में सुरक्षित कोयला कटाई हो सके। प्रबंधन की इस लापरवाही से न केवल श्रमिकों की जान जोखिम में पड़ रही है, बल्कि खदान को बंद करने की साजिश भी नजर आ रही है।
कर्मचारियों ने लिखित शिकायत भी दी है, लेकिन प्रबंधन ने कोई ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया और रविवार को कार्य नहीं दिया गया, तो वे सप्ताह में दो दिन आंदोलन करेंगे और खदान को बंद करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे।
