Delhi Crime News: विकास मावी हत्याकांड के गवाह की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां विकास मावी हत्याकांड के एक अहम गवाह जग्गू (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में ठंड लगने को मौत का कारण बताया है, लेकिन मृतक के परिजनों ने इसे साजिश के तहत की गई हत्या करार दिया है। परिजनों का आरोप है कि जग्गू हत्याकांड से जुड़े कई राज जानता था और आरोपियों को डर था कि वह पुलिस को सब बता देगा।
जग्गू, तुगलकाबाद के जालिम मोहल्ले में रहता था और हत्याकांड के मुख्य आरोपी केशव और राहुल के यहां घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। 6 दिसंबर को तेखंड गांव में विकास मावी की हत्या हुई थी, जिसमें केशव और राहुल आरोपी हैं। बताया जा रहा है कि हत्या के दिन जग्गू भी घटनास्थल पर मौजूद था।
पुलिस ने जग्गू के शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच के लिए एफएसएल (FSL) लैब भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में मौत की वजह ठंड लगना ही बताया है।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हत्याकांड के एक आरोपी केशव की जमानत याचिका पर साकेत कोर्ट में 7 जनवरी को सुनवाई होनी है। पुलिस इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
