Delhi AQI: हवा की रफ्तार बढ़ने से दिल्ली के प्रदूषण में हल्की गिरावट, लेकिन स्थिति खराब
दिल्ली में सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में कुछ सुधार देखा गया। हवा की रफ्तार बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई और औसत एक्यूआई में 24 घंटे के भीतर 55 अंकों का सुधार दर्ज किया गया। हालांकि, इसके बावजूद दिल्ली की हवा ‘खराब’ श्रेणी में ही बनी रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में हवा की गति कम होने की संभावना है, जिसके चलते वायु गुणवत्ता फिर से खराब श्रेणी में ही रहने की उम्मीद है।
इस बार जाड़े के मौसम में दिल्ली के लोगों को पहले से कहीं अधिक प्रदूषण का सामना करना पड़ा है। हवा की धीमी गति और प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण न होने के कारण ऐसे दिनों की संख्या बहुत कम रही है जब वायु गुणवत्ता साफ-सुथरी रही हो। सोमवार को सुबह के समय प्रदूषण के स्तर में हल्की गिरावट दर्ज की गई थी, जब एक्यूआई 184 के अंक पर पहुंच गया था, जो मध्यम श्रेणी में आता है। लेकिन, दिन चढ़ने के साथ ही प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी देखी गई और शाम चार बजे तक औसत एक्यूआई 210 के अंक पर पहुंच गया।
मानकों के मुताबिक, हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से नीचे होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार शाम चार बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 10 का औसत स्तर 166 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 94 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। इसका मतलब है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा में अभी भी प्रदूषण का स्तर मानकों से लगभग पौने दो गुना अधिक है।
