भाकियू नेता व पुत्र को चीनी मिल से 5 करोड़ का मानहानि नोटिस, किसान भड़काने का आरोप
उत्तम शुगर मिल्स लिमिटेड की बरकातपुर मिल ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) लोकशक्ति के जिलाध्यक्ष वीर सिंह और उनके पुत्र अंकित कुमार को पांच करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। मिल प्रबंधन का आरोप है कि वीर सिंह और अंकित ने मिल में अकारण गन्ना तौल रुकवाई, किसानों को मिल के खिलाफ भड़काया और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। इस कारण मिल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और संचालन में बाधा आई है, जिससे हुए नुकसान की भरपाई के लिए यह नोटिस जारी किया गया है।
मिल की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि पांच दिसंबर की रात अंकित कुमार ने गन्ना तौलने के बाद हंगामा किया और मिल अधिकारियों से अभद्रता की। उन्होंने घटतौली का आरोप लगाते हुए तौल रुकवा दी। अगले दिन वीर सिंह अपने साथियों के साथ मिल पर पहुंचे और धरना दिया। इससे पहले भी अंकित कुमार पर 24 नवंबर को तौल लिपिक से मारपीट का आरोप लग चुका है। मिल का दावा है कि इन घटनाओं से उनकी प्रतिष्ठा, व्यवसाय और सामाजिक साख को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
कंपनी ने वीर सिंह और अंकित कुमार से सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए 4.75 करोड़ रुपये, प्रबंधन को हुई मानसिक पीड़ा के लिए दस लाख रुपये, सामाजिक तिरस्कार के लिए 14.75 लाख और कानूनी शुल्क के तौर पर 25 हजार रुपये की मांग की है, जो कुल पांच करोड़ रुपये होता है। मिल ने एक सप्ताह के भीतर जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इस घटना से स्थानीय किसानों में भी चर्चा का माहौल है, क्योंकि यह सीधे तौर पर उनके हितों से जुड़ा मामला है।
