प्रयागराज में पुलिस पर जानलेवा हमला, छोटे भाई को पकड़ने पर भड़के बड़े भाई ने दारोगा का सिर फोड़ा
प्रयागराज में पुलिसकर्मियों पर हमला करने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दारागंज क्षेत्र में दो सगे भाइयों ने पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) के दारोगा और दीवान को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। यह हमला तब हुआ जब पुलिसकर्मी एक भाई को चाकूबाजी के आरोप में पकड़ने गए थे। हमले में दारोगा का सिर फट गया और दीवान को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के कड़े तेवर के बावजूद अराजक तत्वों का दुस्साहस कम नहीं हो रहा। शनिवार रात दारागंज क्षेत्र में एक व्यक्ति अपने परिवार के किसी सदस्य को चाकू से मारने की कोशिश कर रहा था। किसी ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। खबर मिलते ही पीआरवी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना के नांदी तौरा गांव का राजा वाल्मीकि हाथ में चाकू लेकर अपशब्द कह रहा था। वह नशे में था।
पीआरवी के दारोगा हितेंद्र और दीवान राहुल कुमार श्रीवास्तव ने उसे पकड़ लिया। उसी समय अचानक राजा का भाई शिवमोहन वाल्मीकि लाठी लेकर पुलिसकर्मियों की तरफ दौड़ पड़ा और हमला कर दिया। राजा भी पुलिसकर्मियों पर टूट पड़ा। शिवमोहन पुलिसकर्मियों पर बेतहाशा लाठी चला रहा था। दोनों पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे राजा व शिवमोहन को पकड़ लिया। दारोगा हितेंद्र सिंह की तहरीर पर दोनों भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर दारागंज ज्ञानेश्वर मिश्रा का कहना है कि आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
