दिल्ली में DDA housing scheme लॉन्च, EWS के लिए 144 फ्लैट, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया
दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राष्ट्रीय राजधानी में किफायती आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी राहत दी है। DDA ने जनता आवास योजना-2025 लॉन्च की है, जिसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 144 फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। ये फ्लैट द्वारका मोड़ और छत्तरपुर जैसे प्रमुख स्थानों पर स्थित हैं। यह योजना उन परिवारों को ध्यान में रखकर बनाई गई है जिनकी वार्षिक आय 10 लाख रुपये से कम है।
योजना के तहत, द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन के पास 62 फ्लैट उपलब्ध हैं, जिनका आकार 29.246 से 30.688 वर्ग मीटर के बीच है। इनकी कीमत 12.63 लाख रुपये से 13.24 लाख रुपये तक रखी गई है। वहीं, छत्तरपुर मेन रोड पर 82 फ्लैट हैं, जिनका आकार 45.57 से 48.24 वर्ग मीटर है और इनकी कीमत 23.05 लाख रुपये से 24.37 लाख रुपये तक है। इन फ्लैटों के साथ कवर्ड और अनकवर्ड पार्किंग की सुविधा भी दी जा रही है।
आवेदन प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से शुरू होगी और 7 फरवरी 2026 तक चलेगी। पंजीकरण शुल्क 2500 रुपये निर्धारित किया गया है। फ्लैटों का आवंटन 13 फरवरी 2026 को कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। DDA के अनुसार, इन फ्लैटों का निर्माण निजी बिल्डरों द्वारा किया गया है।
