उदयपुर फाइल्स’ निर्माता को 5 करोड़ की रंगदारी, खालिस्तानी धमकी से हड़कंप
नोएडा निवासी फिल्म निर्माता अमित जानी को जान से मारने की धमकी देते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को खालिस्तानी बताते हुए अमित जानी की हालिया फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ पर आपत्ति जताई है। पीड़ित ने इस संबंध में बुधवार को मालवीय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 25 नवंबर को छतरपुर स्थित मां कात्यायनी मंदिर दर्शन के बाद लौटते समय रात 10:08 बजे अमित जानी के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से ऑडियो क्लिप आया। इस क्लिप में एक व्यक्ति ने खुद को खालिस्तानी बताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की। ऑडियो में धमकी देने वाले ने कहा, “पहले भी पैसे मांगे थे। फिल्म बनाकर लॉरेंस को मशहूर करने के लिए तेरे पास पैसे हैं, हमें देने के लिए नहीं। बड़ा हिंदू-मुस्लिम करता रहता है। हम तुझे बताएंगे खालिस्तान क्या होता है।”
गौरतलब है कि अमित जानी ने हाल ही में उदयपुर में हुई दर्जी कन्हैया लाल की हत्या पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ का निर्माण किया था। फिल्म के रिलीज होने के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इन धमकियों को गंभीरता से लेते हुए, गृह मंत्रालय ने उनकी सुरक्षा के मद्देनजर उन्हें वाई श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले हरियाणा पुलिस के एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की एक रिपोर्ट में भी यह बात सामने आई थी कि अमित जानी बम बिहा, कौशल चौधरी, हिमांशु भाऊ और नीरज गैंग के निशाने पर हैं। यह घटना फिल्म जगत में अशांति का माहौल पैदा कर रही है और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा रही है।
