दरभंगा पैक्स में धान खरीद घोटाला: 2.77 लाख के गबन पर प्रबंधक पर FIR
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत सनहपुर पैक्स में धान खरीद के नाम पर एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। पैक्स अध्यक्ष रामबालक महतो और प्रबंधक सुधा कुमारी पर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में खरीदे गए धान में 2.77 लाख रुपये से अधिक की राशि का गबन करने का आरोप है। इस मामले में दोनों के खिलाफ सिंहवाड़ा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सूत्रों के अनुसार, जिला सहकारिता पदाधिकारी अरुण कुमार के निर्देश पर प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी कुमार विनय ने पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि सनहपुर पैक्स द्वारा कुल 155 क्विंटल धान की खरीद दिखाई गई थी, लेकिन गोदाम में केवल 31 क्विंटल धान ही मौजूद था। शेष 116 क्विंटल धान, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 77 हजार 704 रुपये है, वह गायब पाया गया। खरीद की मात्रा और गोदाम में उपलब्ध धान की मात्रा में भारी अंतर मिलने पर प्रथम दृष्टया धान के गबन का मामला बनता है।
थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर पैक्स अध्यक्ष राम बालक महतो और प्रबंधक सुधा कुमारी के विरुद्ध गबन की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु दारोगा विक्रांत कुमार को अनुसंधान की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी जानकारी सामने आई है कि स्थानीय बीडीओ विक्रम भास्कर ने 20 नवंबर को ही बीसीओ के साथ पैक्स गोदाम का निरीक्षण किया था। उस दौरान पैक्स कार्यकारिणी के सदस्यों हरिश्चंद्र मिश्र, नीरज कुमार झा, रमेश साह, मुन्नी देवी, आशा देवी और सुबोध झा ने एक आवेदन सौंपकर आरोप लगाया था कि प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक बुलाए बिना ही धान खरीद की प्रक्रिया को फर्जी तरीके से संपन्न कराया गया था।
इस घटना के प्रकाश में आने के बाद क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है। किसानों का कहना है कि सरकार द्वारा धान खरीद के लिए की गई व्यवस्था का इस तरह दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने और गबन की गई राशि की वसूली सुनिश्चित करने की मांग की है।
