डोईवाला शुगर मिल का नया पेराई सत्र शुरू, 30 लाख क्विंटल गन्ने का लक्ष्य
डोईवाला, देहरादून: डोईवाला शुगर मिल में शुक्रवार को पेराई सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ किया गया। मिल प्रबंधन ने इस सत्र में 30 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अवसर पर मिल में हवन पूजन के साथ पारंपरिक तरीके से सत्र का आगाज हुआ। प्रथम ट्रैक्टर-बुग्गी और ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना लाने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया। इसके बाद, क्रेन में गन्ने की पहली पुली डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही प्रदेश के लिए गन्ना मूल्य भी तय कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार किसानों के हित में निर्णय ले रही है। स्थानीय विधायक बृजभूषण गेरौला ने भी सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में किसानों को समय पर भुगतान न मिलने की समस्या थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने सत्र समाप्त होते ही भुगतान प्रक्रिया को पूरा करने का प्रयास किया है, जिससे किसानों को लाभ मिला है।
शुगर मिल के अधिशासी निदेशक दिनेश प्रताप सिंह ने 30 लाख क्विंटल के पेराई लक्ष्य की जानकारी देते हुए सभी किसानों से स्वच्छ और साफ गन्ना मिल में आपूर्ति करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ने से चीनी की रिकवरी दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे मिल और किसानों दोनों को फायदा होगा। मिल प्रबंधन ने किसानों को सुचारू आपूर्ति और ऑनलाइन पंजीकरण जैसी बेहतर सुविधाएं देने का भी वादा किया है।
इस शुभारंभ समारोह में गन्ना समिति देहरादून के अध्यक्ष दिनेश चौहान, डोईवाला गन्ना समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज नौटियाल, वरिष्ठ अधिवक्ता अलका सिंह, राजेंद्र ताड़ियाल, अरविन्द शर्मा, दरपान बोरा, नरेंद्र नेगी, पुरुषोत्तम डोभाल सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मिल प्रबंधन का दावा है कि इस सत्र में उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को बेहतर अनुभव प्रदान किया जाएगा।
डोईवाला में गोशाला में गोवंश से कुकृत्य, युवक गिरफ्तार
कब्रिस्तान में मिला 15 फीट लंबा अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
सरकारी नौकरी के नाम पर 52 लाख ठगने वाला शिक्षक देहरादून से गिरफ्तार
बाल वैज्ञानिकों ने पेश की जल संरक्षण की अनोखी तकनीकें, भविष्य की चिंता और नवाचार का संगम
अपना घर आश्रम में तीन बेटियों का विवाह, रस्मों के साथ नए जीवन की शुरुआत
उत्तराखंड में हर दिन 1800 टन कचरा: उठान और निस्तारण पर गंभीर सवाल
उत्तराखंड में भाजपा का दबदबा कायम, सहकारी समितियों में फहराया जीत का परचम
साइबर ठगों ने DSP को बनाया शिकार, 2.20 लाख ठगे
