दिल्ली में वायु प्रदूषण का ‘खतरनाक’ स्तर, जहांगीरपुरी-आनंद विहार में AQI ‘बेहद खराब’
राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और अन्य एजेंसियों के एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग डेटा के अनुसार दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 341 दर्ज किया गया है, जो ‘बेहद खराब’ (Very Poor) श्रेणी में आता है।
यह स्थिति आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
DTU, ITO, पटपड़गंज, विवेक विहार, सोनिया विहार, शादिपुर और द्वारका जैसे इलाकों में भी AQI 320 से 370 के बीच रिकॉर्ड किया गया है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक माना जाता है। 21 जनवरी की सुबह AQI 341 दर्ज किया गया, और हालांकि इसमें हल्की गिरावट आई है, लेकिन स्थिति अब भी बेहद खराब बनी हुई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि कोहरे और कम हवा की रफ्तार के चलते प्रदूषक कण वातावरण में फंसे हुए हैं, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव आने पर ही प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है।
