डीजे विवाद में कार से तीन की मौत, सीसीटीवी में घिसटता दिखा मृतक
गंजडुंडवारा में एक शादी समारोह के दौरान डीजे बंद होने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गुस्साए एक शख्स ने कार सीधे तीन लोगों पर चढ़ा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि मरने वालों में से एक व्यक्ति कार में फंसकर कुछ दूर तक घिसटता चला गया, जिसका सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
घटना के चौबीस घंटे बाद मैरिज होम के बाहर का एक ऐसा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे एक कार तीन लोगों को रौंदने के बाद तेजी से आगे बढ़ जाती है। मृतकों में से एक व्यक्ति कार के अगले हिस्से में फंस जाता है और कुछ दूरी तक घिसटता हुआ गिरता है, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर आगे निकल जाती है। पुलिस ने इस सीसीटीवी फुटेज को जांच का अहम हिस्सा बनाया है।
इस सनसनीखेज घटना के संबंध में शादी में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में मैरिज होम के बाहर कार चढ़ाकर तीन लोगों की मौत के मामले में शुक्रवार शाम को चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दर्ज कराई गई रिपोर्ट में रिश्ते में साले, उसके पिता समेत चार लोगों को नामजद किया गया है।
गांव नगला मंशा निवासी सुधीर पुत्र स्व. सुरेश की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पीड़ित पुत्र ने बताया कि, उसके परिवार में भाई विकास यादव की शादी में शामिल होने रिश्ते में साले कौशल व उसके पिता रामचन्द्र एवं रमन व सोनू कार से आए थे। शादी में देर रात होने पर डीजे बंद हो चुका था। तभी रिश्तेदार कौशल ने डीजे चालू करने की जिद करने लगा। इस दौरान सभी ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह आग बबूला हो गया और गुस्से में बाहर चला गया।
मैरिज होम के बाहर सुधीर के पिता सुरेश, चाचा गिरीश और मौसा बृजेश (निवासी नगला सांवती उझानी) खड़े होकर बातें कर रहे थे। इसी बीच, गुस्से में आपे से बाहर हुआ कौशल अपने साथियों के साथ कार में बैठ गया। कौशल ने कार तेज रफ्तार से चलाते हुए सीधे मेरे पिता, चाचा और मौसा पर चढ़ा दी, जिससे तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने सुधीर की तहरीर के आधार पर कौशल पुत्र रामचन्द्र, रामचन्द्र पुत्र दर्शन सिंह, सोनू पुत्र कांता प्रसाद (सभी निवासी नगला मलखान) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
मृतक सुरेश के पुत्र रिंकू ने बताया कि आरोपी कौशल डीजे पर महिलाओं के साथ डांस करना चाह रहा था, जिस पर सभी लोगों ने उसे समझाकर अलग से डांस करने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर कौशल बाहर चला गया था। रिंकू ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कौशल ने उसके ताऊ के बेटे धर्मेंद्र की शादी में भी उससे मारपीट की थी। तब से ही कौशल उनके परिवार से अच्छे संबंध नहीं रखता था।
इस घटना ने न केवल शादी के माहौल को पूरी तरह से खराब कर दिया, बल्कि नगला मंशा और नगला मलखान के रिश्तेदारों के बीच रिश्तों में कड़वाहट घोल दी। दो सगे भाइयों और एक अन्य रिश्तेदार की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। शुक्रवार को परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए रिश्तेदारों और ग्रामीणों का तांता लगा रहा, जबकि परिवार की महिलाएं रो-बिलख कर अपनी पीड़ा व्यक्त करती रहीं।
