देवरा पार्ट 2 डिब्बाबंद: जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर के फैंस को बड़ा झटका
जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। जिस फिल्म देवरा पार्ट 2 का वे बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, वह अब डिब्बाबंद हो गई है। यह निर्णय मेकर्स द्वारा लिया गया है, जिससे फैंस के उत्साह पर पानी फिर गया है।
जब देवरा का पहला भाग बन रहा था, तभी यह स्पष्ट कर दिया गया था कि फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। आरआरआर के बाद जूनियर एनटीआर की यह पहली सोलो फिल्म थी, जिसके साथ जाह्नवी कपूर ने तेलुगु सिनेमा में कदम रखा था। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था, लेकिन रिलीज के बाद इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। बॉक्स ऑफिस पर पार्ट 1 के हिट रहने के बावजूद, सीक्वल पर काम रुक गया है।
सूत्रों के अनुसार, देवरा का सीक्वल अब नहीं बनाया जाएगा। मेकर्स ने फिल्म के सीक्वल के निर्माण से साफ इनकार कर दिया है। खबर है कि मेकर्स निर्देशक कोराला शिवा द्वारा प्रस्तुत की गई कहानी से खुश नहीं हैं। पार्ट 2 के लिए जो कहानी सुनाई गई, वह जूनियर एनटीआर के किरदार और फिल्म के मिजाज के अनुरूप नहीं पाई गई। इसी वजह से मेकर्स ने इस प्रोजेक्ट से पीछे हटने का फैसला किया है। हालांकि, अभी तक किसी भी स्टार, निर्देशक या प्रोडक्शन हाउस की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
देवरा पार्ट 1, जिसका बजट लगभग 300 करोड़ रुपये था, ने दुनिया भर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। फिल्म में जूनियर एनटीआर ने दोहरी भूमिका निभाई थी। कहानी देवरा नामक एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने गांव को खलनायक भैरा से बचाने के लिए अपनी जान कुर्बान कर देता है। उसके बाद उसका बेटा वराधा अपने पिता की जिम्मेदारी संभालता है और चुपचाप गांव की रक्षा करता है। फिल्म में सैफ अली खान और जाह्नवी कपूर ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
देवरा पार्ट 1 का क्लाइमेक्स अधूरा छोड़ा गया था, जिससे उम्मीद थी कि पार्ट 2 में कहानी को आगे बढ़ाया जाएगा। यदि सीक्वल नहीं बनता है, तो यह कहानी एक अधूरे नोट पर समाप्त हो जाएगी। ऐसे में फैंस के मन में यह सवाल है कि क्या देवरा पार्ट 2 कभी फ्लोर पर आएगी या यह फिल्म केवल एक अधूरी ख्वाहिश बनकर रह जाएगी।
