0

देवघर से नड्डा का चुनावी शंखनाद: बंगाल और झारखंड पर भाजपा की नजर

By Dec 7, 2025

झारखंड के देवघर की पावन भूमि से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पश्चिम बंगाल और झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के अभियान का बिगुल फूंका है। बिहार में एनडीए की शानदार जीत से उत्साहित भाजपा अध्यक्ष ने देवघर में नवनिर्मित पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए नड्डा ने कहा कि बिहार में मिली प्रचंड जीत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जनता के अटूट विश्वास ने पार्टी के आत्मविश्वास को और बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा देश की एकमात्र वैचारिक पार्टी बनकर उभरेगी। उन्होंने कहा, “आज देश के 20 राज्यों में एनडीए की सरकार है, जिसमें अकेले 13 प्रांतों में भाजपा का शासन है। आने वाले समय में यह संख्या 14-15 तक पहुंच जाएगी।”

अपने संबोधन की शुरुआत बाबा बैद्यनाथ धाम की जय और हर हर महादेव के नारे के साथ करते हुए नड्डा ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस पवित्र स्थली पर आने का अवसर मिला। उन्होंने पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के माध्यम से कार्यकर्ताओं से मुलाकात को भी सौभाग्य बताया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस पर उनहें उचित सम्मान न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, तब डॉ. अंबेडकर के सम्मान को बढ़ाया गया।” उन्होंने पार्टी के जिला कार्यालयों के निर्माण के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से देश भर में 617 कार्यालय बन चुके हैं और 787 का लक्ष्य है। ये कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं और इन्हें ‘संस्कार देने का कार्यालय’ बताया।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति की संस्कृति को बदला है। पहले की कांग्रेस की राजनीति समाज को खंडित कर वोट लेने की थी, जो जातिवाद और वंशवाद पर आधारित थी। इसे प्रधानमंत्री मोदी ने बदलकर ‘रिपोर्ट कार्ड की राजनीति’ में तब्दील कर दिया है, जहां काम करने वाले ही देश पर राज करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को योद्धा बताते हुए कहा कि उन्हीं की बदौलत पार्टी आगे बढ़ेगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें