साइबर ठगी का जाल! 5 लाख के लोन के चक्कर में महिला गंवा बैठी 4 लाख, थाने में दर्ज हुई शिकायत
कटक में एक महिला फाइनेंस कंपनी से 5 लाख रुपये का कर्जा लेने की कोशिश कर रही थी, तभी साइबर ठगों ने उसे अपना शिकार बना लिया और 4 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिला ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, लालबाग थाना इलाके में रहने वाली एक महिला सरकारी नौकरी करती है। उसने बजाज फाइनेंस से लोन लेने के लिए गूगल पर सर्च किया और एक फोन नंबर प्राप्त किया। उस नंबर पर संपर्क करने पर उसे 5 लाख रुपये के लोन का भरोसा दिलाया गया।
ठगों ने महिला से पहले कुछ रकम जमा करने को कहा। महिला ने उन पर भरोसा करके बताए गए अकाउंट में पैसे जमा कर दिए। इसके बाद, ठगों ने महिला को झांसे में फंसाकर कुल चार लाख रुपये ठग लिए और लोन भी नहीं दिया।
साइबर ठगी का शिकार होने का एहसास होने पर, पीड़ित महिला ने लालबाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। यह घटना ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है, जहां लोग आसानी से ठगों का शिकार हो जाते हैं।
