यूपी में 2.5 लाख मतदाताओं पर संकट! 11 दिसंबर तक नहीं दिया जवाब तो वोटर लिस्ट से बाहर
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अंतिम चरण में है, लेकिन इस प्रक्रिया में लगभग 2.5 लाख मतदाताओं की पहचान नहीं हो पाई है। जिला निर्वाचन कार्यालय इन ‘लापता’ मतदाताओं की गहन जांच कर रहा है, जिन्होंने अभी तक अपना एसआईआर प्रपत्र नहीं भरा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ल ने बताया कि पंजीकृत लगभग 18 लाख 70 हजार मतदाताओं में से 2.20 लाख मतदाताओं ने अपना एसआईआर फॉर्म नहीं भरा है। इसके अलावा, लगभग ढाई लाख वोटरों की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग भी नहीं हुई है। इन सभी मतदाताओं को आगामी 11 दिसंबर तक अपने निवास या नाम जोड़ने से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि 11 दिसंबर तक इन मतदाताओं द्वारा सूचना नहीं दी जाती है, तो उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए जाएंगे। जिला निर्वाचन कार्यालय इन मतदाताओं को नोटिस जारी करेगा और उन्हें साक्ष्य प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर देगा।
इस संबंध में जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी (सपा) की समीक्षा बैठक भी संपन्न हुई, जिसमें जिलाध्यक्ष जंगबहादुर यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए। आगामी 12 दिसंबर को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा समस्त बीएलओ और बीएलए की बैठक बुलाई गई है, जहां एसआईआर फॉर्म नहीं मिलने वाले मतदाताओं की सूची पर चर्चा की जाएगी।
