दुष्कर्म मामले का 10 हजार का इनामी बदमाश उत्तराखंड से गिरफ्तार, दो साल से था फरार
अमेठी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुष्कर्म और दलित उत्पीड़न के मामले में दो साल से फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश सोनू उर्फ इसराक को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया है। यह बदमाश बदलगढ़ गांव का निवासी है और उस पर गांव की ही एक दलित युवती ने 30 सितंबर 2023 को दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया था।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की। लेकिन, आरोपी सोनू उर्फ इसराक तब से ही फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा वांछित घोषित किए जाने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया था।
पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित जाखन चौराहा कैनाल मार्ग कोठ बंगला थाना राजपुर से उसे धर दबोचा। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि उप निरीक्षक तुलसीराम के नेतृत्व में आरक्षी राज बहादुर, आशीष कुमार, सर्विलांस सेल के आरक्षी आलोक सिंह व एसओजी के सिकंदर खान के अथक प्रयासों और सूझबूझ से इस वांछित और इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
