0

सवा लाख का इनामी बदमाश ढेर, पुलिस मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात अपराधी मिथुन; कार्बाइन और इटली मेड पिस्टल बरामद

By Dec 9, 2025

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। झिंझाना थाना क्षेत्र में मंसूरा-वेदखेड़ी मार्ग पर सोमवार देर रात पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी बदमाश मिथुन मारा गया। इस दौरान एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश के पास से एक कार्बाइन और एक मेड इन इटली पिस्टल बरामद की है। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान एक अन्य बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा।

पुलिस को सोमवार रात साढ़े 11 बजे सूचना मिली थी कि एक लाख का इनामी बदमाश क्षेत्र में ही खेत में छिपा है। सूचना के आधार पर पुलिस व एसओजी की टीम ने मंसूरा बीबीपुर रोड पर किसान सतीश के खेत की घेराबंदी की। इस दौरान दो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एसओजी का सिपाही हरविंदर गोली लगने से घायल हो गया। थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना और एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली फंस गई, जिससे दोनों बाल-बाल बचे। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश ढेर हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

एसपी एनपी सिंह ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान मिथुन पुत्र बिल्लू निवासी गांव अलाउद्दीनपुर थाना झिंझाना जिला शामली के रूप में हुई। मिथुन पर शामली से एक लाख और बागपत से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह कांवड़ यात्रा के दौरान बागपत में महिला से लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद से लगातार अपराध कर रहा था। मिथुन पंजाब, साउथ दिल्ली समेत कई राज्यों में शरण लेता था और शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर सहित कई जिलों में घटनाओं को अंजाम देता था। मिथुन गिरोह ने तमिलनाडु में भी 20 से अधिक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। घटनास्थल से पुलिस को शराब की बोतल, नमकीन और एक बाइक भी मिली है, जिससे पता चला कि आरोपित झोपड़ी में बैठकर शराब पी रहे थे, तभी पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें