बीमा के लिए रची खौफनाक साजिश: ‘अजन्मी बेटी’ को मृत बताकर हड़पना चाहा 1.38 करोड़, ऐसे खुला राज
भागलपुर में बीमा राशि हड़पने के लिए रची गई एक सुनियोजित साजिश का खुलासा हुआ है। एक दंपती ने अपनी अजन्मी बेटी को मृत बताकर 1.38 करोड़ रुपये की बीमा राशि का दावा किया। यह धोखाधड़ी तब सामने आई जब एलआईसी ने क्लेम की जांच शुरू की।
आरोपितों ने साक्षी कुमारी नाम की एक काल्पनिक पहचान गढ़ी। उन्होंने फर्जी जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र और यहां तक कि चिकित्सा उपचार रिकॉर्ड भी तैयार किए। इन जाली दस्तावेजों के सहारे उन्होंने बीमा कंपनी को गुमराह करने का प्रयास किया।
बीमा राशि के भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी, लेकिन एलआईसी की नीति के तहत प्रत्येक डेथ क्लेम की क्षेत्रीय जांच अनिवार्य होती है। इसी जांच में साजिश का पर्दाफाश हो गया। जांचकर्ताओं ने पाया कि शिवशंकर शर्मा और मंजू शर्मा के केवल दो बेटे हैं, और साक्षी नाम की कोई बेटी उनके परिवार में कभी रही ही नहीं।
जनप्रतिनिधियों और पड़ोसियों के बयानों ने भी इसकी पुष्टि की। फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद बीमा राशि का भुगतान रोक दिया गया और दंपती के खिलाफ बरारी थाने में धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
