0

शिव मंदिर से तांबे का नाग चोरी: दो आरोपी गिरफ्तार, 3.5 किलो का नाग बरामद

By Apr 11, 2026

लोधा थाना क्षेत्र के गांव दुनाई में स्थित शिव मंदिर से तांबे का नाग चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किया गया नाग भी बरामद कर लिया है। आरोपियों ने चोरी के बाद नाग को टुकड़ों में काट दिया था। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में रोष था, और पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव था।

पुलिस के अनुसार, यह चोरी बीते मंगलवार की दोपहर को हुई थी, जब शिवलिंग पर स्थापित करीब साढ़े तीन किलो वजनी तांबे का नाग गायब हो गया था। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हो गई थी। सचिन शर्मा नाम के स्थानीय निवासी की तहरीर पर लोधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

गुरुवार रात करीब नौ बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रुस्तमपुर अखन रेलवे लाइन के पास दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी किया गया तांबे का नाग टुकड़ों में बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान यासीन खां पुत्र शेर खां निवासी महफूज नगर थाना रोरावर और सगीर पुत्र सत्तार खां निवासी शाहजमाल थाना रोरावर के रूप में बताई। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें