आगरा में एक करोड़ की सुपारी देकर हत्या की साजिश, 8 लोगों पर FIR | Agra news
आगरा के सदर इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने दिवंगत कारोबारी पार्टनर के बेटे पर एक करोड़ रुपये की सुपारी देकर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पार्टनर के बेटे और बहू समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह मामला ताज रोड सदर क्षेत्र का है, जहां हेमलता सिंह नामक महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को सुशील बताया और दावा किया कि पार्टनर के बेटे अनुपम और बहू गुंजन ने उसे एक करोड़ रुपये देकर हेमलता की हत्या करने की पेशकश की है। महिला ने पुलिस को बताया कि पार्टनर की मृत्यु के बाद अनुपम उनकी 50 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली संपत्ति हड़पना चाहता है, जिसके चलते यह साजिश रची गई। महिला ने कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने हेमलता सिंह की तहरीर पर अनुपम, गुंजन, सुशील, गोविंद, बबलू, भानू, अशोक और अभय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
