सीएम हेमंत सोरेन ने दी नौकरी की सौगात, झारखंड सरकार के एक साल पूरे
रांची। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने आज अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर लिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित एक भव्य राज्यस्तरीय कार्यक्रम में हजारों युवक-युवतियों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और युवाओं को प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर सभी झारखंड वासियों को बधाई देते हुए कहा, “जोहार! आज झारखंड की अबुआ सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण हुआ। इस एक वर्ष में आपकी उम्मीदों और वादों को पूरा करने हेतु सरकार ने लगातार समर्पित भाव से काम किया है।” उन्होंने आगे कहा कि आज हजारों नौजवानों को सरकारी नौकरी की सौगात दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य की हर बहन के सशक्तिकरण के लिए सम्मान राशि हर माह सीधे उनके खातों में भेजी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में तेज़ी से कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा, युवाओं के भविष्य और रोजगार को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार झारखण्ड की जनता के भरोसे पर खरा उतरने और झारखण्ड को एक विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और देश के विकास में अपना योगदान दें। सरकार युवाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से हजारों परिवारों के चेहरों पर खुशी देखी गई।
