चरकुला ग्लोबल पब्लिक स्कूल के छात्रों ने भोपाल में बिखेरी ब्रज संस्कृति की छटा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय बालरंग महोत्सव में चरकुला ग्लोबल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय के नन्हे-मुन्नों ने ब्रज संस्कृति की जीवंत झाँकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उन्होंने ब्रज की प्रसिद्ध होली, मनमोहक मयूर नृत्य और भक्तिमय महारास का ऐसा अद्भुत प्रदर्शन किया कि पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा।
छात्रों की ऊर्जा, कलात्मकता और अनुशासित प्रस्तुति ने न केवल दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, बल्कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी बेहद प्रभावित किया। मुख्यमंत्री ने मंच से सीधे विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि यह युवा पीढ़ी की अद्भुत प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने चरकुला ग्लोबल पब्लिक स्कूल के इस प्रयास की विशेष प्रशंसा की और इसे विद्यालय के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया।
विद्यालय के अध्यक्ष मुरारी लाल शर्मा, डायरेक्टर संजय कुमार शर्मा और प्रधानाचार्य सिद्धार्थ मल्होत्रा ने राष्ट्रीय मंच पर अपने छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों ने न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कविता सक्सेना ने भी टीम के अथक परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता बच्चों के कठोर परिश्रम का परिणाम है और इससे पूरे विद्यालय परिवार को अत्यंत गर्व की अनुभूति हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान से विद्यालय के छात्र-छात्राओं का मनोबल और भी बढ़ा है, जो भविष्य में उन्हें और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।
