0

चंद्रशेखर की रैली से पहले महिला ने दी खुली चुनौती, सोशल मीडिया पर मचा घमासान

By Nov 24, 2025

भीम आर्मी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के सांसद चंद्रशेखर आजाद की मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाली संविधान रैली से पहले सोशल मीडिया पर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। यह रैली राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों के लिए बुलाई गई है, लेकिन अब यह व्यक्तिगत टकराव का अखाड़ा बनती दिख रही है। इंदौर की रहने वाली डॉ. रोहिणी घावरी ने चंद्रशेखर आजाद को सीधे तौर पर चुनौती देते हुए सोशल मीडिया पर कई पोस्ट किए हैं।

डॉ. रोहिणी घावरी ने लिखा, “चंद्रशेखर के मंच से अगर किसी ने मुझे हाथ भी लगाया तो पूरा देश देखेगा इसका महिला सम्मान।” उन्होंने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर समाज को भ्रमित कर मुख्यमंत्री बनने के सपने देख रहा है, जबकि अब वह उसकी संसदीय ताकत को भी चुनौती देने से पीछे नहीं हटेंगी। रोहिणी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने चंद्रशेखर के ‘आकाओं’ को ही उनके खिलाफ कर दिया है और इसका असर अब वह देखेंगे।

रोहिणी के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। पुलिस और प्रशासन भी रैली को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। सबकी निगाहें 26 नवंबर को होने वाली रैली पर हैं, जहां दोनों के आमने-सामने आने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

अपनी एक पोस्ट में रोहिणी ने दावा किया, “चंद्रशेखर के मंच पर जाने से पुलिस मुझे रोकेगी नहीं, बल्कि मेरे साथ जाएगी। पूरी सुरक्षा देगी! बस देखते जाओ और इंतजार करो 26 नवंबर का। मिलते हैं संविधान दिवस पर!! बेटी मैं बाबा साहब की।”

एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मंच चंद्रशेखर का, लोग चंद्रशेखर के, लेकिन शपथ डॉ. रोहिणी घावरी की! मंच पर आकर तेरे साथ ही बैठूंगी, स्पीच भी दूंगी। यही सपना था ना तेरा कि हम एक मंच पर होंगे। वो सपना अब मैं पूरा करूंगी। देखते जा अब तमाशा। हिम्मत है तो रोक के बता देना।”

दरअसल, कुछ दिन पहले रोहिणी ने चंद्रशेखर को चेतावनी दी थी, “मेरे मम्मी-पापा मेरे भगवान हैं। उन्हें थोड़ी भी तकलीफ पहुंचाने की कोशिश भी मत करना। वरना इंडिया आकर अपनी ताकत दिखाऊंगी। अमित शाह भी बचा नहीं पाएंगे। तेरी लड़ाई मुझसे है न। मुझसे लड़। पूरे देश में मेरे खिलाफ FIR करा, मेरी हत्या करा दे, जो करना है कर। लेकिन मेरे परिवार को बीच में मत ला।”

जानकारी के अनुसार, डॉ. रोहिणी घावरी इंदौर के बीमा अस्पताल में काम करने वाली एक सफाईकर्मी की बेटी हैं। वह 2019 में उच्च शिक्षा के लिए स्विट्जरलैंड गई थीं। पढ़ाई के दौरान ही वह और चंद्रशेखर आजाद संपर्क में आए थे और करीब तीन साल तक रिलेशनशिप में रहे। बाद में रोहिणी ने चंद्रशेखर पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। वर्तमान में डॉ. रोहिणी घावरी स्विट्जरलैंड में नौकरी कर रही हैं और एक एनजीओ भी चलाती हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें