रुद्रप्रयाग में जीवंत हुआ महाभारत का चक्रव्यूह, अभिमन्यु की मृत्यु देख भावुक हुए दर्शक
रुद्रप्रयाग के तल्लानागपुर क्षेत्र के स्वांरी ग्वांस में चल रहे पांडव नृत्य में सोमवार को महाभारत के चक्रव्यूह का जीवंत मंचन किया गया। इस दौरान अभिमन्यु के बलिदान का दृश्य देखकर दर्शक भावुक हो गए। मंचन में दिखाया गया कि अभिमन्यु चक्रव्यूह में प्रवेश करता है और कौरव सेना के महारथियों को परास्त करते हुए आगे बढ़ता है।
लेकिन सातवें द्वार पर पहुंचते ही सभी कौरव महारथी एकजुट होकर छल से अभिमन्यु का वध कर देते हैं। अभिमन्यु को छल से मारे जाने का यह दृश्य दर्शकों को इतना भावुक कर गया कि कई लोगों की आंखें नम हो गईं। मुख्य अतिथि विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने भावी पीढ़ी से इस प्रकार की संस्कृति को संजोकर रखने की अपील की।
विधायक ने इस दौरान गांव में सुरक्षा दीवार, सोलर लाइटें, पंचायत भवन और मिलन केंद्र बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने घिमतोली-स्वांरी ग्वांस लिंक मोटरमार्ग के शीघ्र निर्माण शुरू होने और कार्तिक स्वामी मंदिर तक मोटरमार्ग की डीपीआर तैयार होने की जानकारी भी दी।
