अयोध्या में 5 दिन से लापता युवक का शव मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया; Ayodhya news
अयोध्या में पांच दिन से लापता युवक का शव मिलने के बाद उसके पैतृक गांव खंडासा के खानपुर में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में फरवरी माह में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस घटना ने न सिर्फ एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि दो परिवारों के बीच बनने वाला रिश्ता भी टूट गया।
खंडासा के खानपुर निवासी शुभम 26 दिसंबर को रौनाही पंपिंग स्टेशन पर दो साथियों के साथ घूमने गया था। इसके बाद उसके नदी में कूदने की बात सामने आई थी। 27 दिसंबर को शुभम की बाइक पंपिंग कैनाल के पास मिली थी। बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने चौधरी चरण सिंह पंपिंग कैनाल के पास से शुभम का शव बरामद किया।
मृतक के पिता आसाराम और परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि सिर में चोट के कारण मौत हुई है। परिजनों ने शुभम के दो मित्रों और एक लड़की के शामिल होने की आशंका व्यक्त की है।
पुलिस ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही थी। घटनाक्रम की संदिग्धता और मृतक के पिता के आरोपों को ध्यान में रखते हुए डॉक्टरों का पैनल गठित कराकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी। हत्या की तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
