हरदा में खूनी जमीन विवाद: 10 साल के बेटे के सामने पिता का गला काटा, मां को भी किया लहूलुहान
हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र स्थित लोनी गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। किसान शिवनारायण चौहान (45) की उनके 10 साल के बेटे के सामने ही निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने कुल्हाड़ी और दरांती जैसे धारदार हथियारों से उन पर हमला किया, जिससे उनकी गर्दन कट गई। इस हमले में शिवनारायण की पत्नी राधाबाई भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि बेटे की उंगली भी कट गई।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को हुई जब शिवनारायण अपनी पत्नी के साथ खेत से लौट रहे थे। पड़ोसी करण सिंह, उसका बेटा राहुल और बहू मनीषा घात लगाए बैठे थे। उन्होंने अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल परिवार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण को मृत घोषित कर दिया।
शिवनारायण की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 2020 से चले आ रहे इस जमीन विवाद को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया, जिसकी वजह से यह दर्दनाक घटना हुई। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी करण सिंह, उसके बेटे राहुल और बहू मनीषा को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों के बीच पुराना जमीन विवाद था।
मृतक के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी करण सिंह लंबे समय से गांजा बेचता है, जिसकी शिकायत पहले भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने पुलिस की इस अनदेखी को घटना का एक बड़ा कारण बताया।
