उन्नाव में मामूली विवाद पर खूनी खेल, पड़ोसी ने सरिया मारकर युवक को उतारा मौत के घाट
उन्नाव के सदर क्षेत्र के नूरुद्दीन नगर निवासी 24 वर्षीय सुफेल की अपने पड़ोसी रहमत अली से कई दिनों से खुन्नस चल रही थी। यह खुन्नस एक मामूली विवाद को लेकर थी, जिसने बुधवार रात खूनी रूप ले लिया।
बुधवार रात सुफेल अपने घर के बाहर आग ताप रहा था। इसी बीच रहमत अली अपने चार अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और जानबूझकर पैर से आग को बुझाकर तितर-बितर कर दिया। जब सुफेल ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने डंडों से उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान रहमत अली ने सुफेल के सिर पर सरिया से वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा।
बेहोशी की हालत में स्वजन सुफेल को जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह 7 बजे उसकी मौत हो गई। सुफेल की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वह दो बहनों के बीच इकलौता था। मां अनीसा और बहनें आफरीन व रफद का रो-रोकर बुरा हाल है। मां अनीसा ने पड़ोसी रहमत अली समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है, हालांकि सभी आरोपित फरार हैं।
